विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन ‘विज़न 2047’ पर 24 घंटे से ज़्यादा चली ऐतिहासिक चर्चा, CM योगी ने कहा- उत्तर प्रदेश विकसित भारत का इंजन बनेगा

लखनऊ : विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन ‘विज़न 2047’ पर 24 घंटे से ज़्यादा चली ऐतिहासिक चर्चा का समापन करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के 70 साल के विकास की चर्चा 8 साल में की। कहा उत्तर प्रदेश विकसित भारत का इंजन बनेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश न सिर्फ़ देश का सबसे ज़्यादा आबादी वाला राज्य है, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र भी है। मुख्यमंत्री ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के 187 विधायकों की गंभीर भागीदारी की सराहना की और इसे लोकतंत्र की मज़बूती बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने 1947 से 2017 तक की विकास यात्रा और 2017 से 2047 तक के रोडमैप पर चर्चा की। यह चर्चा आत्ममंथन का अवसर है, जिसमें देखा गया कि राज्य ने क्या खोया और क्या पाया। 2023 में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को भारत के विकास की प्रेरक शक्ति बताया था। योगी ने ज़ोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि निवेशकों के लिए पसंदीदा जगह बन गया है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए 1947 से 2017 तक के दौर को नीतिगत उदासीनता का शिकार बताया। उन्होंने कहा कि उस समय भ्रष्टाचार, भेदभाव और भाई-भतीजावाद ने उत्तर प्रदेश को जकड़ रखा था। अपराध, अराजकता, बेरोज़गारी और बीमारियों ने राज्य को पीछे धकेल दिया था। योगी ने विपक्ष की परिवारवादी सोच पर कटाक्ष करते हुए विपक्ष के ‘पीडीए’ नारे को ‘परिवार विकास प्राधिकरण’ बताया और इसे ‘कूप मंडप’ दर्शन से जोड़ा। योगी ने अपनी सरकार की साढ़े आठ साल की उपलब्धियाँ गिनाईं। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद डबल इंजन सरकार ने कानून का राज स्थापित किया, अपराधियों पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई और निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाया।

उत्तर प्रदेश का जीएसडीपी 13 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 35 लाख करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। प्रति व्यक्ति आय 43 हज़ार रुपये से बढ़कर 1 लाख 20 हज़ार रुपये हो गई है। निर्यात 84 हज़ार करोड़ रुपये से बढ़कर 1 लाख 86 हज़ार करोड़ रुपये हो गया है और राज्य का बजट 3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 8 लाख करोड़ रुपये हो गया है। डिजिटल लेन-देन 122 करोड़ रुपये से बढ़कर 1400 करोड़ रुपये हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 में भारत छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी, लेकिन 1980 तक 11वें स्थान पर खिसक गई। 2014 के बाद, मोदी सरकार के नेतृत्व में, भारत 2025 तक चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद में 8% से 9.5% का योगदान भी दे रहा है। योगी ने कहा कि बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ देना ही समावेशी विकास का मंत्र है। उन्होंने सभी विधायकों से अपने क्षेत्रों में विकास को गति देने की अपील की, ताकि उत्तर प्रदेश और भारत के विकास का सपना साकार हो सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts