मुख्यमंत्री के जनता दरबार में मचा हड़कंप, गाजियाबाद से अपनी समस्या लेकर आए सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी ने जहर खा लिया

लखनऊ : राजधानी में गुरुवार को आयोजित मुख्यमंत्री के जनता दरबार में उस समय हड़कंप मच गया, जब गाजियाबाद से अपनी समस्या लेकर आए सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी सतवीर गुर्जर ने जहर खा लिया। जब उनकी हालत बिगड़ने लगी तो सुरक्षा में लगे अफसरों को पता चला। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

गाजियाबाद के सरोली थाना लोनी निवासी सतवीर गुर्जर गुरुवार सुबह करीब 9 बजे जनता दरबार में पहुंचे। उनके साथ कुछ रिश्तेदार भी थे। थोड़ी देर बाद सतवीर ने वहां मौजूद लोगों को बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। यह सुनकर सभी हैरान रह गए। इसकी जानकारी सुरक्षा में लगे अफसरों को दी गई। सतवीर को तुरंत एंबुलेंस से सिविल अस्पताल ले जाया गया।

सतवीर के साथ आए लोगों ने बताया कि उन्हें खुद भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि उन्होंने उनके साथ जहर खा लिया है। सतवीर वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं। वह सामाजिक कार्य भी करते हैं। उनकी अपनी गौशाला है। वह 30 से 35 गली के कुत्तों को खाना खिलाते हैं। परिजनों के मुताबिक, सतवीर ने बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। आरोप है कि इसी वजह से 25 दिन पहले उनके घर की बिजली काट दी गई थी। इससे सतवीर काफी परेशान था। उसके घर में दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है।

उधर, एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के जनता दरबार में शामिल होने गाजियाबाद से आए पूर्व सैनिक सतवीर गुर्जर ने जहर खा लिया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सतवीर गुर्जर ने जहर क्यों खाया, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज सतवीर को गुरुवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज चल रहा है।

बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही लामार्ट चौराहे के पास एक युवक ने आत्महत्या की कोशिश की थी। युवक ने बताया था कि उसकी दादी की दी हुई संपत्ति पर दबंगों ने कब्जा कर लिया था। जब उसकी गुहार नहीं सुनी गई तो उसने आत्महत्या की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण वह बच गया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts