सहारनपुर में ससुराल पहुंच पति ने पत्नी का गला काटा, 14 साल पुरानी लव मैरिज का दर्दनाक अंत

Saharanpur Murder News,

सहारनपुर : सहारनपुर के थाना फतेहपुर इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी मीनू की उसके मायके में धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि महिला खून से लथपथ हालत में कमरे में तड़पती रही। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मीनू और उसके पति सनी सैनी पुत्र रमेश सैनी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। करीब 20 दिन पहले दोनों के बीच हुए झगड़े के बाद मीनू अपने मायके आकर रहने लगी थी।

आपको बता दें कि बुधवार सुबह कातिल पति सनी अपनी पत्नी से मिलने उसके मायके पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई और गुस्से में आकर उसने धारदार हथियार से मीनू का गला काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मीनू और सनी ने करीब 14 साल पहले प्रेम विवाह किया था।शुरुआती वर्षों में दोनों का वैवाहिक जीवन सही चलता रहा लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इसी कारण मीनू अपने मायके में रह रही थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सनी सैनी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

एसपी देहात मयंक पाठक का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts