सहारनपुर : कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की एक महिला ने चर्च के पास्टर जसपाल मसीह उर्फ जसपाल भट्टी पर शादी का झांसा देकर करीब सात वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने और लाखों रुपये लेने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात वर्ष 2017 में जसपाल मसीह से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद पास्टर का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया। महिला के मुताबिक, सितंबर 2019 में आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया और चर्च में एक महत्वपूर्ण पद दिलाने का भरोसा दिया। इसी दौरान उसने महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर वह उसे अलग-अलग किराये के मकानों में बुलाता रहा। महिला के अनुसार, आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, जिसके चलते वह उसके साथ संबंध बनाए जाने का विरोध नहीं कर सकी। शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने समय-समय पर अलग-अलग बहाने बनाकर उससे कई लाख रुपये लिए।
शिकायत के अनुसार, करीब चार महीने पहले आरोपी ने महिला से कहा कि शादी में लगभग 10 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके बाद उसने महिला से पांच लाख रुपये नकद ले लिए। महिला का आरोप है कि रकम लेने के बावजूद आरोपी ने शादी नहीं की। इतना ही नहीं, जब उसके लिए कहीं और शादी का रिश्ता आने लगा तो आरोपी कथित तौर पर किसी न किसी बहाने से उन रिश्तों को रुकवाने की कोशिश करता था। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे भावनात्मक रूप से भी दबाव में रखता था।
आरोप है कि वह धमकी देता था कि यदि महिला ने किसी अन्य व्यक्ति से शादी की तो वह अपनी नस काटकर जान दे देगा। इस वजह से महिला लंबे समय तक उसके दबाव में रही। मामले में नया मोड़ 13 जून 2026 को आया। महिला के अनुसार, उसे आरोपी के व्यवहार पर संदेह हुआ। इसके बाद उसने राठी चौक, हकीकत नगर स्थित एक मकान में आरोपी को कथित तौर पर दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और अभद्रता करते हुए शादी करने से साफ इन्कार कर दिया।
इसके बाद महिला ने कोतवाली सदर बाजार पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पास्टर जसपाल मसीह उर्फ जसपाल भट्टी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में साक्ष्यों के आधार पर होगी।

