लखनऊ : उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों में भाजपा के आठ उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत लगभग तय होने के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे 2027 के विधानसभा चुनाव का संकेत बताया है। लखनऊ के जीपीओ पर आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा- विकसित भारत संकल्प सभा’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के परिणाम ने विधानसभा चुनाव के संभावित नतीजों की तस्वीर दिखा दी है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर मुकाबला ‘80-20’ का है और 80 फीसदी एनडीए के साथ, जबकि 20 फीसदी पीडीए के साथ है।

योगी ने कहा कि आने वाले समय में पीडीए का क्या हाल होने वाला है, यह भी सामने आ जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राजनीतिक आत्मविश्वास और विपक्ष पर सीधे हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
राज्यसभा चुनाव को बनाया 2027 का राजनीतिक संकेत
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया के बीच भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल है। आठ सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत तय मानी जा रही है। इसी राजनीतिक स्थिति को आधार बनाते हुए मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।
योगी का ‘80-20’ वाला बयान उत्तर प्रदेश की राजनीति में पहले भी चर्चा में रहा है। इस बार उन्होंने इसे सीधे राज्यसभा चुनाव के परिणाम और आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ दिया। वहीं पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक समीकरण को लेकर विपक्षी रणनीति पर भी सवाल खड़े किए।
‘बॉटम 5’ से टॉप 5 अर्थव्यवस्था तक पहुंचा भारत
सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि करीब 12 वर्ष पहले भारत दुनिया की कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था, जबकि आज देश दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता है।
उन्होंने कहा कि देश में ढाई लाख से ज्यादा स्टार्टअप हैं। युवाओं के पास रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर भी हैं। योगी ने कहा कि देश के युवाओं की प्रतिभा भारत की ताकत है और उनका आत्मविश्वास देश की सामर्थ्य है।
रेलवे से लेकर डिजिटल भुगतान तक गिनाईं उपलब्धियां
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय भारतीय रेलवे की रफ्तार मीटरगेज तक सीमित थी, जबकि आज देश में ब्रॉडगेज नेटवर्क, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और वंदे भारत, अमृत भारत व नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी भी हवाई यात्रा कर सकता है।
उत्तर प्रदेश में विकास के बदलाव का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि अब प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ नहीं बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम हुआ है। मुख्यमंत्री ने डिजिटल इंडिया और जनधन खातों का जिक्र करते हुए कहा कि शुरुआत में विपक्ष ने इन योजनाओं का मजाक उड़ाया था, लेकिन आज डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए किसानों, युवाओं और श्रमिकों के खातों में सीधे पैसा पहुंच रहा है।
सेमीकंडक्टर और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग पर जोर
योगी ने कहा कि कभी भारत को इलेक्ट्रॉनिक चिप के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब देश में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 12 से अधिक बड़े उद्योग या तो काम कर रहे हैं या उनमें बड़े निवेश हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत अब चिप निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने रक्षा उत्पादन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारत से हजारों करोड़ रुपये का डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग सामान दुनिया तक पहुंच रहा है।
ब्रजेश पाठक बोले- हर वर्ग विकास की ओर
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश में बड़े बदलाव हुए हैं और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हर वर्ग आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, विश्वविद्यालय, इंफ्रास्ट्रक्चर और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।

