कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों से बातचीत की। सीएम ने कहा कि जलभराव की आपदा में सत्ता पक्ष, विपक्ष और आम जनता को धैर्य के साथ मिलकर सेवा करने की जरूरत है। ताकि सभी मिलकर इस आपदा से निजात पा सकें। उन्होंने कहा कि पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। अन्य समस्याएं भी कम हो रही हैं।
पहाड़ों से आई बाढ़ ने राज्य के लगभग 3 हजार गांवों को प्रभावित किया है। इन गांवों में फसल और अन्य नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार ने ई-मुआवजा पोर्टल खोला है। जहां अब तक 1 लाख 69 हजार 738 किसानों ने 9 लाख 96 हजार 701 एकड़ फसल के नुकसान के लिए आवेदन किया है।
मुख्यमंत्री ने जलभराव से प्रभावित गांवों के जनप्रतिनिधियों से बात की और प्रत्येक गांव की स्थिति और नुकसान के बारे में विस्तार से जाना। मुख्यमंत्री ने मारकंडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की और जलभराव प्रभावित क्षेत्र से विस्थापित नागरिकों से भी बात की, उनकी समस्याओं के बारे में जाना। इस दौरान प्रभावितों को आश्वासन दिया गया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में नागरिकों की मदद के लिए तैयार है।

