चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में बदलाव का स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने जीएसटी को लेकर केंद्र द्वारा किए गए बदलावों पर बात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि “यह फैसला गरीबों और आम जनता के हित में लिया गया है।” इस दौरान उन्होंने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधा। साथ ही, उन्होंने हरियाणा में बाढ़ को लेकर मौजूदा हालात पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जीएसटी सुधारों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि “स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से घोषणा की थी कि इस बार दिवाली भव्य होगी। इसके बाद, एक महीने के भीतर ही उन्होंने जीएसटी सुधारों का ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिससे मध्यम वर्ग, गरीब और आम लोगों को लाभ होगा।”
उन्होंने कहा कि “इस कदम से नागरिकों पर कर का बोझ कम होगा। अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, महंगाई कम होगी।” उन्होंने कहा कि “जीएसटी सुधारों का उद्योग जगत में भी स्वागत हुआ है। स्वदेशी का आह्वान भी जीएसटी सुधार से पूरा होगा।” उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी जापान यात्रा के दौरान एक ऐतिहासिक आह्वान किया है। ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ की घोषणा की गई है। जीएसटी सुधार से इसे बढ़ावा मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि “जीएसटी सुधार से आम उपभोक्ता द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले उत्पाद सस्ते होंगे। मध्यम वर्ग की बचत बढ़ेगी, दिवाली के मौसम में खरीदारों को लाभ होगा।” आज हरियाणा का जीएसटी संग्रह देश के चुनिंदा राज्यों में शामिल है। 2018-19 के दौरान हरियाणा को 18910 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो 2024-25 में बढ़कर 39743 करोड़ हो गया है। हरियाणा का जीएसटी संग्रह 2024-25 में 110% बढ़ा।
जब उनसे पूछा गया कि इसका हरियाणा पर क्या असर होगा? और क्या इस कदम के पीछे कोई राजनीति है? तो उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा के लोगों को लगभग चार हज़ार करोड़ का फ़ायदा होगा। प्रधानमंत्री वन नेशन इलेक्शन की बात करते हैं। इस तरह, देश में साल भर कोई न कोई चुनाव होता रहता है। इसलिए बिहार चुनाव का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

