लखनऊ में बोले सीएम योगी, ‘अटल बिहारी वाजपेयी वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत, नई पीढ़ी के मार्गदर्शक’

Lucknow News

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर लोकभवन स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सीएम योगी ने उनकी स्मृतियों को नमन किया। इसके साथ ही सीएम योगी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, महान वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।

Lucknow News

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के छह दशक लंबे राजनीतिक जीवन ने भारतीय राजनीति को एक नई दिशा दी। उन्होंने भारत के जीवन मूल्यों और आदर्शों को सर्वोपरि रखते हुए दिखाया कि देश के भीतर विकास का मॉडल कैसा होना चाहिए। वैश्विक मंच पर भारत और भारतीयता की प्रतिष्ठा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, अटल बिहारी वाजपेयी ने हमेशा इन मूल्यों का ध्यान रखा और अपने प्रभावी नेतृत्व से उन्हें मूर्त रूप दिया। उत्तर प्रदेश के लिए यह सौभाग्य की बात है कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने यहीं से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।

वर्ष 1957 में वे बलरामपुर संसदीय सीट से पहली बार सांसद बने। इसके बाद लखनऊ को यह विशेष सौभाग्य प्राप्त हुआ कि अटल जी लगातार पाँच बार लखनऊ संसदीय सीट से निर्वाचित हुए और प्रधानमंत्री के रूप में देश की संसद में पहुँचे। वे 10 बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा सदस्य रहे। अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियाँ न केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए भी मार्गदर्शक हैं। उनकी पुण्यतिथि पर प्रदेशवासियों ने उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी को उनकी 195वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कई योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। वीरांगना अवंतीबाई लोधी ने भारत की स्वतंत्रता के लिए तानाशाही शासन के विरुद्ध बड़ी लड़ाई लड़ी और मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनका अदम्य साहस और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा है। उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त करते हुए, डबल इंजन सरकार ने बदायूं में वीरांगना अवंतीबाई लोधी को समर्पित एक नई पीएसी बटालियन की स्थापना की है। यह बटालियन प्रदेश की बेटियों को समर्पित है। साथ ही, वहाँ उनकी प्रतिमा स्थापित करने के कार्यक्रम को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार ने मातृशक्ति के प्रति सम्मान दर्शाते हुए अनेक कदम उठाए हैं।

झाँसी में रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की गई, जबकि बांदा में महारानी दुर्गावती के नाम पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई। लखनऊ में वीरांगना उदा देवी, गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई और बदायूँ में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर प्रदेश में तीन नई बटालियनों की स्थापना की गई। सीएम योगी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की स्मृतियों को संजोए रखने के लिए प्रदेश में कामकाजी महिलाओं के लिए 7 श्रमिक छात्रावास बनाने का कार्यक्रम भी चल रहा है। ये छात्रावास महिलाओं को सुरक्षित आश्रय और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। पिछले 8 वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस में 2,19,000 से अधिक भर्तियाँ की गईं, जिनमें से 20 प्रतिशत पद बेटियों के लिए आरक्षित थे।

आज बड़ी संख्या में प्रदेश की बेटियाँ मिशन शक्ति अभियान को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर डबल इंजन सरकार ने अनेक रचनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया है। इस अवसर पर वीरांगना अवंती बाई लोधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा गया कि भारत माता की ऐसी महान वीरांगना का त्याग और संघर्ष सदैव प्रेरणा देता रहेगा और हम पूरी श्रद्धा के साथ उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हैं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल आदि उपस्थित थे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts