वाराणसी: प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक है और मंदिरों में प्लास्टिक के प्रवेश के साथ-साथ लोग अक्सर गर्भगृह में भी प्लास्टिक फेंक देते हैं। जो निश्चित रूप से अच्छी बात नहीं है। इन्हीं सब बातों को देखते हुए अब वाराणसी स्थित बाबा विश्वनाथ के मंदिर में किसी भी तरह के प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। श्री काशी विश्वनाथ धाम को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त परिसर घोषित कर दिया गया है।
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि यह फैसला दिसंबर 2024 में ही ले लिया गया था, जब विश्वनाथ मंदिर में बोर्ड की बैठक हुई थी। इसमें स्पष्ट था कि मंदिर को पूरी तरह से प्लास्टिक प्रतिबंधित क्षेत्र बनाना है, जिसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। महाकुंभ में भी लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सावन के महीने में प्लास्टिक के बर्तन व अन्य चीजें मंदिर में लाने पर रोक लगाई गई थी। सावन खत्म होने के बाद मंदिर में इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार 11 अगस्त से मंदिर परिसर को प्लास्टिक मुक्त परिसर घोषित कर प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि धाम परिसर में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक के साथ प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्लास्टिक की टोकरी, प्लास्टिक का लोटा आदि लेकर भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट लगातार 1 माह से अभियान चलाकर प्लास्टिक मुक्ति के लिए प्रयासरत है। 7 अगस्त 2025 को प्लास्टिक मुक्त धाम पहल के तहत मंदिर ट्रस्ट, स्थानीय जनप्रतिनिधि विधायक नीलकंठ तिवारी, क्षेत्रीय पार्षद कनकलता तिवारी व अनेक सभा सद्गण ने मंदिर परिसर के दुकानदारों को पारंपरिक व पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

