चोर कहलाने में बेइज्जती महसूस कर रहे युवक बने क़ातिल, राहगीर की ईंट से सिर कुचल कर दी हत्या

Feeling insulted at being called a thief, a young man turned murderer, Killing a passerby by crushing his head with a brick
सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस ने करीब एक महीने पुराने सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने केवल “चोर” कहे जाने पर सिर्फ शर्मिंदगी महसूस हो रही थी बल्कि अपने सिर से मामूली चोर का ठप्पा हटाने के लिए क़ातिल बन गए। चोर कहने पर उन्हें शर्म लगती थी जिसके चलते आरोपियों ने बदमाशी में अपना कद बढ़ाने के लिए एक राहगीर की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को नाले में फेंककर फरार हो गए।
मामला सहारनपुर के देवबंद इलाके का है। पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी अभिनंदन ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुजफ्फरनगर के थाना चरथावल क्षेत्र के गांव कुटेशरा निवासी मिंटू ने 30 अप्रैल 2026 को अपने भाई पिंटू की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी, तभी 3 मई को ग्राम आखलौर खेड़ी के पास एक नाले में पिंटू का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुजफ्फरनगर के ग्राम आखलौर निवासी विशाल पुत्र इसम और गगन पुत्र विजय सिंह पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हाईवे से ग्राम घलौली जाने वाले मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी विशाल ने बताया कि वह पिछले वर्ष मुजफ्फरनगर में लूट के एक मामले में जेल जा चुका था और कुछ समय पहले ही बाहर आया था। घटना से पहले वह अपने साथी गगन के साथ एक मुकदमे की तारीख पर मुजफ्फरनगर कचहरी गया था। वहां दोनों ने शराब पी और खाना खाया। लौटते समय उनकी बाइक खराब हो गई, जिसे वे वहीं छोड़कर घर लौट आए। घर पहुंचने पर विशाल के पिता ने बाइक के बारे में पूछा। बाइक छोड़ आने की बात सुनकर पिता ने उसकी पिटाई कर दी और चोरी करने का आरोप लगाया। आरोपी के मुताबिक इसके बाद मोहल्ले के लोग भी उसे “चोर” कहकर ताने देने लगे। चोर जैसे छोटे अपराधी की संज्ञा मिलने से वह अंदर ही अंदर बेहद नाराज और अपमानित महसूस कर रहा था।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि विशाल ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने अपने ऊपर लगे “चोर” के ठप्पे को हटाने और मानसिक संतुष्टि पाने के लिए किसी अजनबी की हत्या करने का फैसला किया। उसने इस योजना में अपने साथी गगन को भी शामिल कर लिया। 29 अप्रैल की रात दोनों आरोपी गांव के पास एक ट्यूबवेल पर बैठे थे। तभी बाइक से गुजर रहे पिंटू को उन्होंने रोक लिया। आरोपियों ने पहले उसकी गर्दन दबाकर नीचे गिराया, फिर उसे गन्ने के खेत में खींचकर ले गए। वहां ईंट के आधे टुकड़े से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी मृतक की बाइक लेकर मुजफ्फरनगर बाईपास की तरफ गए और बाइक को एक होटल के पास छोड़ दिया। इसके बाद दोनों फिर घटनास्थल पर लौटे और शव को खेतों से करीब 150 से 200 मीटर दूर ले जाकर रस्सी से पत्थर बांधकर नाले में फेंक दिया, ताकि किसी को हत्या की भनक न लग सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल ईंट का आधा हिस्सा, मृतक का आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक आरोपी की खून से सनी शर्ट बरामद की है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts