सहारनपुर : सहारनपुर के सिद्ध पीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में गुरुवार देर रात उस वक्त श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया जब अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। शिवालिक पहाड़ियों में हुई तेज बारिश के बाद खोल में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। तेज रफ्तार से आए पानी को देखकर मंदिर क्षेत्र में मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पानी का बहाव इतना तेज था कि कई ट्रेक्टर-ट्रॉली और कई गाड़ियां भी बह गई। इतना ही नहीं पानी के बहाव ने कई दूकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत होना बताई जा रही है।

आपको बटा दें कि शिवालिक की पहाडियों के बीच स्तिथ शाकम्भरी देवी मंदिर में अक्सर बाढ़ आती रहती है। लेकिन गुरुवार की देर रात अचानक हुई बारिश के बाद पहाड़ों से तेज बहाव के साथ पानी आ गया। शाकम्भरी खोल में पानी आने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि अस्थायी पुल भी बहकर काफी दूर चला गया। श्रद्धालुओं के ट्रेक्टर-ट्रॉली और गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात तक मंदिर क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। तभी अचानक खोल में पानी आने लगा और कुछ ही देर में उसका बहाव बहुत तेज हो गया। पानी की तेज धारा अपने साथ कई वाहन बहाकर ले गई। श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कारें, बाइक और निर्माण कार्य में लगी क्रेन व जनरेटर पानी में बह गए। कई वाहन बाद में नदी किनारे मलबे में दबे मिले।
इस दर्दनाक हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई थीं। हादसे के बाद उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। मंदिर क्षेत्र में मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सुबह होने पर बाढ़ से हुई तबाही साफ दिखाई दी। कई जगह कीचड़ और मलबा जमा हो गया। श्रद्धालु और स्थानीय लोग अपने वाहनों को मलबे से निकालने में लगे रहे। अचानक आई बाढ़ से मंदिर क्षेत्र की कुछ दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
दुकानदारों का कहना है कि पानी इतनी तेजी से आया कि सामान संभालने तक का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एसडीएम मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, इंस्पेक्टर मिर्जापुर सूबे सिंह और इंस्पेक्टर बेहट जितेंद्र सिंह दीक्षित ने मौके का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, खोल और पहाड़ी क्षेत्रों के पास सावधानी बरतें। अचानक आई इस बाढ़ ने शाकंभरी देवी क्षेत्र में भय और दुख का माहौल पैदा कर दिया है।