छात्रावास में रैगिंग की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई,18 छात्रों को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

प्रयागराज : इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पीसी बनर्जी छात्रावास में रैगिंग की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की है। जाँच में दोषी पाए जाने के बाद, विश्वविद्यालय प्रशासन ने 18 छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 16 अक्टूबर को अपने अभिभावकों के साथ अनुशासन समिति के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

रैगिंग की शिकायतें एंटी-रैगिंग पोर्टल, शासन की लखनऊ शाखा और कुलसचिव कार्यालय तक पहुँचीं। इसके बाद, कुलसचिव प्रोफेसर राकेश सिंह ने उप कुलसचिव डॉ. अतुल नारायण सिंह, सुरक्षाकर्मियों और कर्नलगंज पुलिस के साथ छात्रावास में रात में छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान कई वरिष्ठ छात्र रैगिंग करते पकड़े गए और छात्रावास में कई संदिग्ध युवक मिले।

छापेमारी में यह भी पता चला कि जूनियर छात्रों पर व्हाट्सएप कॉल और संदेशों के ज़रिए दबाव बनाया जा रहा था। सुरक्षा के लिहाज से ख़तरा माने जाने वाले बड़े कॉइल हीटर छात्रावास के कई कमरों से ज़ब्त किए गए। कुछ ऐसे युवक भी मिले जो न तो विश्वविद्यालय में पंजीकृत थे और न ही छात्रावास की प्रवेश सूची में थे। जाँच समिति ने दोषी पाए गए छात्रों की पहचान कर उनके विरुद्ध रैगिंग विरोधी अधिनियम और छात्र अनुशासन संहिता के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की है।

डीन प्रोफेसर राकेश सिंह ने बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय रैगिंग मुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। रैगिंग के दोषी पाए गए छात्रों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 16 अक्टूबर को अपने अभिभावकों के साथ अनुशासन समिति के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts