पिता की हत्या के आरोप में बेटा गिरफ्तार, शराब पीकर उसकी माँ से झगड़ा करते थे पिता

फ़िरोज़ाबाद : शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के यशोदा नगर में पिछले महीने हुई एक व्यक्ति की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि किसी विवाद के बाद बेटे ने अपने पिता के सिर पर डंडे से वार करके उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इंस्पेक्टर शिकोहाबाद अनुज कुमार के अनुसार, यशोदा नगर निवासी संजय यादव और उसके बेटे गौरव के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। कुछ दिन पहले किसी विवाद के दौरान गौरव ने अपने पिता के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजन शव को अपने पैतृक गाँव नानेमऊ, जो नसीरपुर थाना अंतर्गत आता है, ले गए और वहीं उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिसका ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

वीडियो सामने आने के बाद, मृतक के पिता रमाशंकर यादव ने अपने पोते गौरव और मृतक की पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। मामले की जाँच कर रही पुलिस को पुख्ता सबूत मिले हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गौरव ने कबूल किया कि उसके पिता शराब पीकर उसकी माँ से झगड़ा करते थे। इसी बात से तंग आकर उसने झगड़े वाले दिन अपने पिता पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच की जा रही है। सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी गौरव से पूछताछ की जा रही है। जाँच के बाद गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts