अचानक पुलिस के पहुंचने से तालाब किनारे ताश खेल रहे लोगों में मची भगदड़, डर कर तालाब में कूदे युवक की डूबने से मौत

झांसी : बबीना थाना क्षेत्र के खैलार गांव में सोमवार शाम अचानक पुलिस के पहुंचने से तालाब किनारे ताश खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान एक युवक तालाब में कूद गया और डूब गया। गोताखोरों की मदद से मंगलवार सुबह युवक का शव बरामद किया गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण युवक की मौत हुई है। इस मामले में भेल चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि बबीना थाना क्षेत्र के खैलार गांव में सोमवार शाम कुछ युवक तालाब किनारे जुआ खेल रहे थे। इसी बीच भेल चौकी प्रभारी और दो सिपाही पहुंच गए। पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई। इस दौरान एक युवक रविंद्र जोशी तालाब में कूद गया और डूब गया। रविंद्र के तालाब में डूबने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई। जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ पहुंच गई और लोगों ने झांसी ललितपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुँच गई।

अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाया। काफी देर की समझाइश के बाद जाम खुल सका। साथ ही, पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लापता युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन पूरी रात चले अभियान में युवक का कहीं पता नहीं चला। मंगलवार सुबह युवक का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

रवींद्र जोशी की बेटी ने पुलिस पर उसके पिता की तालाब में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पुलिस बिना वर्दी के उन्हें गिरफ्तार करने गई थी और पिता तालाब में गिर गए थे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पथराव कर पिता को तालाब से बाहर नहीं आने दिया। इससे पिता की मौत हो गई और पुलिसकर्मी वहां से भाग गए। इसके बाद लोगों की सूचना पर काफी देर बाद पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाशी अभियान चलाया।

एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि भेल चौकी प्रभारी किसी मामले के सिलसिले में हमराहियों के साथ खैलार गांव से गुजर रहे थे। इस दौरान तालाब के किनारे जुआ खेल रहे लोग भागने लगे। इसी दौरान एक युवक तालाब में कूद गया और डूबने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गोताखोरों की मदद से तालाब की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह करीब छह बजे युवक का शव तालाब से बरामद हुआ। इस मामले में लापरवाही बरतने पर भेल चौकी प्रभारी नितीश राणा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts