सहारनपुर : थाना चिलकाना इलाके के एक गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। घटना में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी छात्रा का फंदा खुलने से उसकी जान बच गई। उसके गले पर फंदे के निशान मिले हैं। आनन फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं मृतक छात्रा के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक़ दोनों छात्राएं गुरूवार की सुबह अपने-अपने घरों से स्कूल जाने के लिए निकली थीं लेकिन स्कूल नहीं पहुंचीं। स्कूल प्रबंधन की ओर से जब परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी गई तो परिवार के लोग स्कूल पहुंचे और छात्राओं की सहेलियों से उनके बारे में जानकारी ली। इसी दौरान एक छात्रा की सहेली ने परिजनों को बताया कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध है और वह युवक के घर गई है। युवक का घर स्कूल से कुछ ही दूरी पर है।
इसके बाद दोनों छात्राओं के परिजन युवक के घर पहुंच गए। जहां घर दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने युवक के घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के मुताबिक उस समय दोनों छात्राएं मकान के अंदर थीं। बाहर लोगों की भीड़ देखकर दोनों छात्राएं इतनी घबरा गईं कि डर के मारे दरवाजा नहीं खोल पा रही थी। जबकि युवक छत के रास्ते अपने घर से भागने में कामयाब हो गया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों ने अपने स्कूल के दुपट्टे से फंदा बनाया और फांसी लगाने का प्रयास किया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दूसरे रास्ते से मकान के अंदर जाने का प्रयास किया। एक व्यक्ति पड़ोसी की छत के रास्ते मकान तक पहुंचा और अंदर जाकर दरवाजा खोला।
अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। एक छात्रा फंदे पर लटकी मिली जबकि दूसरी नीचे जमीन गिरी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक छात्रा को मृत घोषित कर दिया। दूसरी छात्रा के गले पर फंदे के निशान मिले हैं जिसे नाजुक हालत में भर्ती किया गया है। उसका उपचार व मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि मृत छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छात्राओं के स्कूल नहीं पहुंचने से लेकर युवक के घर जाने और उसके बाद फांसी लगाने के प्रयास तक पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। जिस युवक के घर दोनों छात्राएं पहुंची थीं वह घटना के बाद से मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस छात्राओं के परिजनों, सहेलियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों छात्राओं ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। प्रेम संबंध के अलावा घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

