वाराणसी में नितिन नबीन का मंथन, काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद युवाओं से संवाद; 2027 की रणनीति पर होगी मैराथन बैठक

Remove term: Nitin Nabin's Varanasi visit Nitin Nabin's Varanasi visit

वाराणसी : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन सोमवार को सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और षोडशोपचार पूजन के साथ जलाभिषेक किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी अध्ययन पीठ सभागार पहुंचे, जहां जेन जी संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं और छात्रों से बातचीत की। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी के विचारों, अपेक्षाओं और मुद्दों को समझना बताया जा रहा है। नितिन नबीन ने युवाओं से संवाद के दौरान उनके विचार और सुझाव जाने। पार्टी की ओर से युवाओं को संगठन और आगामी राजनीतिक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

युवाओं से संवाद के बाद संगठन पर मंथन

गांधी अध्ययन पीठ में कार्यक्रम के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मैराथन बैठक करेंगे। इस बैठक को आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और जनता के बीच पार्टी की सक्रियता की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के वाराणसी दौरे के पहले दिन भी संगठन को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकें हुई थीं। नितिन नबीन ने अलग-अलग बैठकों में एमएलसी चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को लगातार संपर्क और संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान में दिया था 25 साल का विजन

वाराणसी दौरे के पहले दिन नितिन नबीन ने जगतपुर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसभा को संबोधित किया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा और आने वाले 25 वर्षों के विजन पर चर्चा की थी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि चुनावी सफलता केवल बड़े कार्यक्रमों से नहीं, बल्कि बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर मजबूत संगठन से सुनिश्चित होती है।

एमएलसी चुनाव के बाद होगी वोटों की समीक्षा

भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं को एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद विस्तृत समीक्षा करने के संकेत भी दिए हैं। इसमें यह देखा जाएगा कि किस नेता के क्षेत्र में भाजपा को कितने वोट मिले और संगठन की स्थिति कहां मजबूत या कमजोर रही।

उन्होंने कहा कि हर बूथ की मजबूती ही संगठन की विजय की नींव है। ऐसे में शक्ति केंद्रों और बूथ समितियों को सक्रिय और मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। नेताओं को ग्राउंड जीरो पर सक्रिय रहने और जनता के बीच अपनी पकड़ बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।

2027 के लिए संगठन को धार देने की तैयारी

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के वाराणसी दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ होने वाली मैराथन बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन, युवा वोटरों से संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर दिशा तय की जा सकती है।

नितिन नबीन के दौरे में एक तरफ बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद और दूसरी तरफ युवाओं के साथ संवाद नजर आया। अब निगाहें उस मैराथन बैठक पर हैं, जहां भाजपा के आगामी चुनावी रोडमैप को लेकर महत्वपूर्ण मंथन होने की उम्मीद है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts