सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़: हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित अभियुक्त पैर में गोली लगने से गिरफ्तार

सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़: हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित अभियुक्त पैर में गोली लगने से गिरफ्तार

सहारनपुर : सहारनपुर के थाना मंडी इलाके में पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

CO रविकांत पाराशर ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 29 अगस्त की रात थाना मंडी पुलिस टीम शक्लापुरी रोड स्थित शराब के ठेके के पास चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मंडी में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित अभियुक्त शक्लापुरी की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सतर्कता बढ़ाते हुए मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक टीम को देखते ही बाइक सवार ने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी और शक्लापुरी की ओर कच्ची सड़क पर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई और सवार सड़क पर गिर गया।

आरोप है कि पुलिस टीम को नजदीक आता देखकर अभियुक्त ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साकिब अहमद पुत्र असलूब अहमद, निवासी निसार रोड रायवाला, थाना मंडी, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह मूल रूप से हैदराबाद का रहने वाला है। साकिब अहमद थाना मंडी में दर्ज धारा 109(1)/61(2) बीएनएस के मुकदमे में वांछित था।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा उसके पास से काले रंग की स्पलेंडर प्रो मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल थाना मंडी पर दर्ज धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित है। यानी पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल चोरी के मामले से जुड़ी हुई है।

गोली लगने के बाद घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि जनपद में हत्या, चोरी, लूट, डकैती, नकबजनी, छिनैती, गोकशी और अवैध नशे के कारोबार समेत विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts